नई दिल्ली: अलीपुर में प्रतिद्वंद्वी गोगी गैंग के एक सदस्य को निशाना बनाने की फिराक में रहे एक आरोपी को कश्मीरी गेट से गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, उसके पास से आठ हथियार और 30 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी को नवीन बाली–नीरज बवाना गैंग का सदस्य बताया है। उत्तरी जिला पुलिस की टीम ने इस कार्रवाई से गैंगवार टालने का दावा किया है।

उत्तरी जिले की पुलिस उपायुक्त निहारिका भट्ट ने गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में मीडिया को जानकारी दी।
युधिष्ठिर सेतु के नीचे बिछाया जाल
पुलिस के अनुसार, खुफिया जानकारी के आधार पर कश्मीरी गेट स्थित युधिष्ठिर सेतु के नीचे जाल बिछाया गया और आरोपी को पकड़ लिया गया। वह अलीपुर इलाके में प्रतिद्वंद्वी गोगी गैंग के एक सदस्य को निशाना बनाने की फिराक में था।
तीन सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल, पांच देशी कट्टे बरामद
पुलिस ने तीन सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल, पांच देशी कट्टे और कुल 30 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी से एक चोरी की स्कूटी भी मिली है।

