नई दिल्ली: दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) को भुवनेश्वर में आयोजित 19वें अर्बन मोबिलिटी इंडिया सम्मेलन और प्रदर्शनी में नवाचार एवं स्मार्ट मोबिलिटी समाधानों की श्रेणी में उत्कृष्टता पुरस्कार मिला है।
डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक डॉ. विकास कुमार ने केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल से यह पुरस्कार प्राप्त किया। सम्मेलन का समापन 24 अक्टूबर को हुआ।

डिजिटल टिकटिंग और एआई पर भी काम
डीएमआरसी के अनुसार हाल के वर्षों में उसकी स्मार्ट मोबिलिटी पहल में डिजिटल टिकटिंग, रखरखाव की जरूरतों का पहले से अनुमान लगाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और यात्री सहायता से जुड़ी पहल शामिल हैं।
दो दिवसीय सम्मेलन और प्रदर्शनी में दुनिया भर के शहरी परिवहन विशेषज्ञों और पेशेवरों ने भाग लिया। इसमें इस क्षेत्र के सतत विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
डीएमआरसी के अनुसार पुरस्कार वितरण के अवसर पर ओडिशा के आवास और शहरी विकास मंत्री डॉ. कृष्ण चंद्र महापात्र, केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय के अधिकारी सतेंदर सिंह तथा ओडिशा की अतिरिक्त मुख्य सचिव उषा पाधी भी मौजूद थीं।

