नई दिल्ली: दिल्ली में मतदाता सूची से जुड़े विशेष शिविरों का अंतिम दौर आज, रविवार 25 अक्टूबर को सभी मतदान केंद्रों के स्थानों पर आयोजित किया जा रहा है। दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर है।
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर 24 अक्टूबर के बुलेटिन में शिविरों की जानकारी दी।

पहले नाम जांचें, फिर सही फॉर्म भरें
मतदाताओं को पहले प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम जांचना चाहिए। नाम नहीं होने पर निर्धारित घोषणा और सहायक दस्तावेजों के साथ फॉर्म 6 भरकर नाम शामिल कराने के लिए आवेदन किया जा सकता है। जिन नागरिकों की आयु 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष हो चुकी है, वे भी फॉर्म 6 के जरिए आवेदन कर सकते हैं।
मौजूदा प्रविष्टि में बदलाव या पता बदलवाने के लिए मतदाता फॉर्म 8 का इस्तेमाल कर सकते हैं।
30 अक्टूबर तक दावे, 4 दिसंबर को अंतिम सूची
दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर है। इनके निपटारे की अंतिम तिथि 30 नवंबर तय है। अंतिम मतदाता सूची 4 दिसंबर को प्रकाशित की जानी है।

