नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने नकली सिक्के बनाने और उनकी आपूर्ति करने वाले कथित गिरोह से जुड़े चार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई में ₹20 के 5,000 नकली सिक्के बरामद करने की जानकारी दी है। इन सिक्कों का कुल अंकित मूल्य करीब ₹1 लाख है।
पुलिस के अनुसार, सिक्के 50 पाउच में पैक थे और एक व्यक्ति उन्हें ले जा रहा था। जांच में आपूर्ति की कड़ी जीरकपुर तक पहुंची।

पुलिस ने बताया कि कथित निर्माता और उसके सहयोगियों समेत गिरोह के तीन अन्य सदस्यों को सहारनपुर जेल से लाया गया। क्राइम ब्रांच की डब्ल्यूआर-I इकाई की कार्रवाई इंस्पेक्टर आशीष शर्मा के नेतृत्व में एसीपी राज कुमार और डीसीपी हर्ष इंदौरा की निगरानी में हुई।

