नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय कथित अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 136 ग्राम कोकीन बरामद करने की जानकारी दी है। गिरफ्तार लोगों में घाना का एक नागरिक भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों में तीन भारतीय और एक घाना का नागरिक है। पांच मोबाइल फोन, एक डिजिटल तौल मशीन और पैकिंग सामग्री भी बरामद की गई।

पुलिस का आरोप है कि नेटवर्क कई स्तरों पर आपूर्ति के जरिए दक्षिण दिल्ली और गुरुग्राम के प्रमुख पब और बार में जाने वाले युवाओं तक कोकीन पहुंचाता था।
पुलिस के मुताबिक, मादक पदार्थ के अंतरराष्ट्रीय स्रोत, वित्तीय लेन-देन और नेटवर्क के अन्य सदस्यों की जांच जारी है। डब्ल्यूआर-II इकाई की कार्रवाई इंस्पेक्टर अक्षय गहलौत के नेतृत्व में एसीपी राजपाल डबास और डीसीपी हर्ष इंदौरा की निगरानी में हुई।

