नई दिल्ली: इंडिया बिएनाले 2026 का आयोजन 4 दिसंबर 2026 से 21 मार्च 2027 तक प्रस्तावित है। दिल्ली सरकार के अनुसार पुराना किला इसका मुख्य स्थल होगा और राजधानी के 22 से अधिक ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थल इससे जुड़ेंगे।
108 दिन के आयोजन की थीम ‘तत् त्वम् असि’ है। सरकार की जानकारी में लाल किला, कुतुब मीनार, हुमायूं का मकबरा और लोधी गार्डन भी स्थलों में शामिल हैं। कार्यक्रम में कला प्रदर्शनियां, संगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, हेरिटेज वॉक, कार्यशालाएं और कला इंस्टॉलेशन शामिल बताए गए हैं।

सरकार के अनुसार केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को उच्चस्तरीय बैठक में तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से समय पर तैयारियां पूरी करने और कलाकारों व आगंतुकों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सरकार ने कहा कि कार्यक्रम 108 युवा कलाकारों को मंच देगा और इसमें स्टूडेंट बिएनाले भी होगा। उसके अनुसार 200 से अधिक प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं और 19 देशों के साझेदारों के साथ सहयोग की प्रक्रिया जारी है।

