गुरु पर्व पर नगर कीर्तन के भव्य आयोजन की तैयारियों का महापौर एवं निगम आयुक्त ने लिया जायजा, सीसगंज गुरुद्वारे से फतेहपुरी चौक तक सफाई व्यवस्था का किया निरीक्षण

दिनांक:

नई दिल्ली: गुरु पर्व के पावन अवसर पर आयोजित होने वाले भव्य नगर कीर्तन के मद्देनजर दिल्ली नगर निगम द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में आज दिल्ली के महापौर श्री प्रवेश वाही एवं निगम आयुक्त श्री संजीव खिरवार ने गुरुद्वारा सीसगंज साहिब से फतेहपुरी चौक तक नगर कीर्तन मार्ग का निरीक्षण कर सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर पुरानी दिल्ली क्षेत्र की उपायुक्त सुश्री कनिका सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी एवं गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य भी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान महापौर एवं निगम आयुक्त ने पूरे मार्ग पर साफ-सफाई, कचरा उठाने, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर कीर्तन मार्ग पर स्वच्छता की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा जहां भी कोई कमी दिखाई दे, उसे तत्काल दूर किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर महापौर श्री प्रवेश वाही ने कहा कि गुरु पर्व न केवल आस्था और श्रद्धा का पर्व है, बल्कि दिल्ली की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है। नगर कीर्तन का यह मार्ग ऐतिहासिक महत्व रखता है और इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता के आह्वान तथा दिल्ली के मुख्यमंत्री श्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली नगर निगम राजधानी को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

महापौर ने कहा कि आज नगर कीर्तन के पूरे मार्ग का निरीक्षण किया गया है और सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई है। हालांकि, कुछ छोटी-मोटी कमियां सामने आई हैं, जिन्हें दूर करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि निगम के अधिकारी पूरी तत्परता से कार्य करेंगे और गुरु पर्व के अवसर पर आयोजित होने वाला नगर कीर्तन भव्य, सुव्यवस्थित एवं स्वच्छ वातावरण में संपन्न होगा।

निरीक्षण के उपरांत महापौर श्री प्रवेश वाही एवं निगम आयुक्त श्री संजीव खिरवार ने गुरुद्वारा सीसगंज साहिब पहुंचकर माथा टेका तथा गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने सभी दिल्लीवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

पोस्ट साझा करें:

लोकप्रिय

और संबंधित खबरें
Related

11.10 करोड़ रुपये की जमीन सौदे में ठगी: क्राइम ब्रांच ने महाराष्ट्र से भगोड़ा आरोपी पकड़ा

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच के एंटी-रॉबरी एंड...

28 साल फरारी के बाद क्राइम ब्रांच ने 1998 के सुल्तानपुरी हत्याकांड के आरोपी को अयोध्या से पकड़ा

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच के एंटी-रॉबरी एंड...

आउटर नॉर्थ पुलिस ने ऑपरेशन मिलाप के तहत ढाई साल के बच्चे सहित दो लापता नाबालिगों को खोजा

नई दिल्ली: आउटर नॉर्थ जिला पुलिस ने ऑपरेशन मिलाप...