नई दिल्ली, 24 जुलाई: दिल्ली पुलिस ने कहा है कि 400 से अधिक पाकिस्तानी सोशल मीडिया हैंडल की पहचान की गई है, जो कथित तौर पर भ्रामक सूचनाएं और अफवाहें फैलाकर लोगों को उकसाने तथा छात्रों का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहे हैं।
उप पुलिस आयुक्त (डीसीपी) सुमित झा ने कहा कि इन सोशल मीडिया हैंडल को ब्लॉक किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इनमें से कई हैंडल ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी सक्रिय थे।
उन्होंने कहा कि इनका उद्देश्य फर्जी सामग्री प्रसारित करना, लोगों को भड़काना और विशेष रूप से छात्रों को गुमराह करना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी फर्जी पोस्ट, संपादित वीडियो या गुमनाम सोशल मीडिया हैंडल द्वारा साझा की गई सामग्री से प्रभावित न हों।
डीसीपी ने लोगों से किसी भी पोस्ट को साझा करने से पहले उसकी तथ्य जांच करने, अफवाहें न फैलाने और असामाजिक तत्वों को अपनी भावनाओं पर हावी न होने देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है और दिल्ली पुलिस इस अधिकार का सम्मान करती है।

