नई दिल्ली, 13 सितंबर: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज दिल्ली सचिवालय में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, सांसदगण, विधायकगण, पार्षदगण और जिलाध्यक्षों के साथ बैठक कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर आयोजित होने वाले सेवा पखवाड़े की तैयारियों की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में भाजपा सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री मोदी का यह पहला जन्मदिवस है, जो राजधानी के लिए ऐतिहासिक और प्रेरणादायी अवसर है। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व से प्रेरणा लेकर हम दिल्ली के विकास कार्यों को नई गति और दिशा देंगे।”
माननीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के जन्मदिवस के अवसर पर दिल्ली में आयोजित 15 दिवसीय सेवा पखवाड़ा विकसित भारत – विकसित दिल्ली के लक्ष्य को नई गति और दिशा देने वाला सिद्ध होगा।
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) September 13, 2025
इस दौरान राजधानी में बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स का शुभारंभ, अत्याधुनिक स्वास्थ्य… pic.twitter.com/X7SzWqHEBt
यह सेवा पखवाड़ा 15 दिनों तक चलेगा, जिसके दौरान भाजपा सरकार द्वारा जनता को 75 कल्याणकारी और विकास योजनाएँ समर्पित की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी जनप्रतिनिधि इन योजनाओं को जनता तक पहुँचाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
रेखा गुप्ता ने कहा कि यह सेवा पखवाड़ा दिल्ली में सुशासन और विकास का नया अध्याय लिखेगा और विकसित दिल्ली, विकसित भारत के संकल्प की ओर एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।