दिल्ली नगर निगम सदन में स्वच्छता और जलभराव पर व्यापक चर्चा; जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित

दिनांक:

नई दिल्ली, 25 जून: दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के महापौर प्रवेश वाही की अध्यक्षता में गुरुवार को निगम सदन की बैठक सफलतापूर्वक आयोजित हुई। बैठक में सत्ता पक्ष और विपक्ष के सभी पार्षदों ने हिस्सा लिया तथा स्वच्छता, मानसून के दौरान जलभराव, नालों की सफाई और नागरिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर व्यापक चर्चा की। बैठक के दौरान नागरिक हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी पारित किए गए।

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि सदन में सभी पार्षदों को अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े जनहित के मुद्दे उठाने और सुझाव देने का पूरा अवसर दिया गया। उन्होंने कहा कि निगम सदन का उद्देश्य सभी जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए नागरिकों की समस्याओं का प्रभावी समाधान निकालना है।

जलभराव और स्वच्छता पर विशेष जोर

बैठक में मानसून के दौरान जलभराव की रोकथाम, नालों की डी-सिल्टिंग, जल निकासी व्यवस्था को मजबूत बनाने, स्वच्छता व्यवस्था में सुधार तथा नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर विशेष रूप से चर्चा की गई।

विभिन्न दलों के पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को सदन के समक्ष रखा। महापौर ने भरोसा दिलाया कि सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

युद्धस्तर पर चल रही तैयारियां

महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली नगर निगम मानसून से पहले जलभराव की समस्या से निपटने के लिए युद्धस्तर पर कार्य कर रहा है।

उन्होंने बताया कि राजधानी में नालों की बड़े पैमाने पर डी-सिल्टिंग, जल निकासी तंत्र को मजबूत करने तथा जलभराव संभावित क्षेत्रों की विशेष निगरानी की जा रही है। इसके लिए आधुनिक मशीनरी और उन्नत तकनीकों का उपयोग किया जा रहा है ताकि मानसून के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

लापरवाही पर होगी जवाबदेही तय

महापौर प्रवेश वाही ने स्पष्ट किया कि यदि जलभराव की स्थिति उत्पन्न होती है तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषी अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष दिल्लीवासियों को जलभराव से अधिकतम राहत दिलाना निगम की प्राथमिकता है।

कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मिली मंजूरी

बैठक के दौरान नागरिक हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सदन द्वारा पारित किए गए, जिनसे राजधानी में विकास कार्यों को गति मिलेगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

महापौर प्रवेश वाही ने सभी पार्षदों का सदन की कार्यवाही में सकारात्मक सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दिल्ली नगर निगम राजधानी के समग्र विकास और जनहित के मुद्दों के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा।

पोस्ट साझा करें:

लोकप्रिय

और संबंधित खबरें
Related

दिल्ली में सरकारी सेवाओं में देरी पर स्वतः अपील, अधिकारियों पर ₹5,000 तक जुर्माने का प्रावधान

नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने शुक्रवार को समयबद्ध सरकारी...

एमसीडी पार्षद अमित नागपाल ने पार्षदों के बैठक भत्ते में तत्काल वृद्धि की मांग की

नई दिल्ली: एमसीडी के वार्ड 57 पीतमपुरा से निगम...

एमसीडी ने विजय विहार में 30.88 लाख रुपये के संपत्ति कर बकाया पर पांच वाणिज्यिक संपत्तियां सील कीं

नई दिल्ली: दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने उत्तर-पश्चिम ज़ोन...

जहांगीरपुरी में लूट के मामले में तीन गिरफ्तार, चाकू और कुछ नकदी बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने उत्तर-पश्चिम दिल्ली के जहांगीरपुरी...