नई दिल्ली: दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) राजधानी की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 2,500 अवकाशकालीन वैकल्पिक सफाई कर्मचारियों की भर्ती करेगा। महापौर प्रवेश वाही ने निगम मुख्यालय में प्रेस वार्ता में यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि निगम दिल्लीवासियों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण देने के लिए प्रतिबद्ध है और इन कर्मचारियों की नियुक्ति से अलग-अलग क्षेत्रों में नियमित सफाई सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
इस मौके पर स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा और नियुक्ति, पदोन्नति, अनुशासनात्मक एवं संबद्ध समिति के अध्यक्ष मुकेश गोयल भी मौजूद थे।

वाही ने बताया कि 2,500 पदों के लिए जल्द ही समाचार पत्रों में विज्ञापन जारी किया जाएगा और पूरी भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से होगी। उपायुक्त स्तर के अधिकारी की अगुवाई में तीन अलग-अलग टीमें बनाई जाएंगी, जो आवेदन पत्रों की प्राप्ति, उनकी जांच और शारीरिक परीक्षण की निगरानी करेंगी।
उन्होंने कहा कि भर्ती तय नियमों और पात्रता मानदंडों के अनुसार होगी। आवेदन के साथ दिल्ली में पिछले पांच वर्षों से निवास का प्रमाण देना अनिवार्य होगा। आवेदक का संबंधित जोन के अधिकार क्षेत्र में रहना भी जरूरी होगा, ताकि चयन के बाद उसे अपने कार्यस्थल तक पहुंचने में दिक्कत न हो। महापौर ने बताया कि आवेदन पत्र निःशुल्क मिलेंगे, ताकि आर्थिक कारणों से कोई पात्र अभ्यर्थी आवेदन से वंचित न रहे।
महापौर ने निगम की कर्मचारी कल्याण संबंधी पहलों की भी जानकारी दी। एमसीडी ने अनुकंपा के आधार पर नियुक्त 177 कर्मचारियों की सेवाओं को 1 अप्रैल 2004 से नियमित करने का फैसला किया है। इसके अलावा हाल ही में दिवंगत निगम कर्मचारियों के 65 आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर मल्टी टास्किंग स्टाफ (इंजीनियरिंग) के पद पर नियुक्ति देने की मंजूरी भी दी गई है।
वाही ने कहा कि निगम एक ओर राजधानी की स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने के लिए जरूरी मानव संसाधन उपलब्ध करा रहा है, तो दूसरी ओर कर्मचारियों और उनके परिवारों के कल्याण तथा सामाजिक-आर्थिक सुरक्षा के लिए भी प्रतिबद्ध है।
यह भी पढ़ें:

