नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के वेस्ट डिस्ट्रिक्ट ने 24 अक्टूबर को नारायणा फ्लाईओवर पर हुए हिट एंड रन मामले में ट्रक चालक को गिरफ्तार किया है। इस हादसे में स्कूटी सवार की मौत हो गई थी। पुलिस के मुताबिक कोई प्रत्यक्षदर्शी न होने के बावजूद मामले का खुलासा कर लिया गया।
हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया था। वेस्ट डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी हरेश्वर वी. स्वामी (आईपीएस) के नेतृत्व में थाना नारायणा के एसएचओ की टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के जरिए उसे ढूंढ निकाला।
पुलिस ने नारायणा फ्लाईओवर और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और हादसे के संभावित समय के आसपास फ्लाईओवर से गुजरे करीब 50-60 वाहनों की पहचान कर उनकी जांच की। पूछताछ में एक चालक से लाल रंग के ओपन बॉडी वाहन के बारे में अहम सुराग मिला। इसके बाद पुलिस वाहन नंबर RJ40GB2658 के मालिक तक पहुंची और चालक की पहचान की।
गिरफ्तार आरोपी इन्नास खान (34) राजस्थान के अलवर का रहने वाला है। हादसे में कथित तौर पर शामिल लाल ओपन बॉडी वाहन जब्त कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 24 अक्टूबर की सुबह करीब 4:30 बजे उसका ट्रक स्कूटी से टकरा गया था। इसके बावजूद वह मौके पर रुके बिना दिल्ली में सामान उतारने चला गया और फिर गुजरात के लिए रवाना हो गया।
मामला थाना नारायणा में एफआईआर नंबर 307/26, दिनांक 24 अक्टूबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 281, 125(ए) और 106(1) में दर्ज किया गया है।

