नई दिल्ली: MCD के नेता सदन और स्थायी समिति सदस्य जय भगवान यादव ने उत्तरी जोन के राजन बाबू अस्पताल का निरीक्षण कर ढीले और लटकते बिजली के तार ठीक करने, कचरा हटाने और सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
उन्होंने अस्पताल का संचालन सुचारू रखने के लिए पर्याप्त संख्या में प्रशासनिक कर्मचारियों की नियुक्ति करने को भी कहा। निरीक्षण के दौरान मरीजों की सुविधाओं, जांच कक्षों, रसोई और अस्पताल परिसर स्थित किंग्सवे चेस्ट सेंटर की व्यवस्था देखी गई।
तारों की मरम्मत और सफाई के निर्देश
यादव ने कुछ स्थानों पर ढीले तारों को ठीक करने के लिए MCD के रखरखाव और विद्युत विभागों को निर्देश दिए। उन्होंने एक-दो स्थानों पर पड़ा कचरा हटाने और पूरे परिसर में सफाई बेहतर करने को कहा। अस्पताल परिसर के पेड़ों की छंटाई के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने ब्रोंकोस्कोपी और अल्ट्रासाउंड कक्षों के साथ प्रयोगशाला का निरीक्षण किया। जनरल वार्ड में भर्ती मरीजों सहित अन्य मरीजों से बातचीत कर उनका हाल जाना और मिल रही सुविधाओं के बारे में पूछा।
यादव ने कहा कि अस्पताल में आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के मरीज आते हैं और उन्हें गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा उपलब्ध कराना MCD का दायित्व है।
रसोई में खाद्य सामग्री की जांच
अस्पताल की रसोई में उन्होंने खाद्य सामग्री और उसकी एक्सपायरी तारीखों की जांच की तथा भोजन की गुणवत्ता पर संतोष जताया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं पर भी संतुष्टि व्यक्त की।
यादव के अनुसार, दिल्ली में प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना लागू होने और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के सहयोग से अस्पताल की सुविधाओं में सुधार हुआ है।
निरीक्षण के दौरान उत्तरी जोन के अध्यक्ष गुलाब सिंह, उपाध्यक्ष संजय त्यागी, अस्पताल के निदेशक अशोक कुमार और MCD के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

