नई दिल्ली: दिल्ली नगर निगम (MCD) के स्थायी समिति की अध्यक्ष श्रीमती सत्या शर्मा ने आज स्थानीय विधायक अजय महावर के साथ मिलकर शाहदरा उत्तर ज़ोन के भजनपुरा वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय पार्षद रेखा रानी, अतिरिक्त आयुक्त जितेन्द्र यादव, मुख्य अभियंता के.पी. सिंह, उपायुक्त अभिषेक कुमार, और अन्य निगम अधिकारी भी उपस्थित रहे।
जन समस्याओं का होगा प्राथमिकता पर समाधान
निरीक्षण के दौरान श्रीमती शर्मा ने स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और आश्वस्त किया कि MCD में भाजपा सरकार बनने के बाद जनता की शिकायतों का प्राथमिकता पर निपटारा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों को बेहतर जीवन स्तर और आवश्यक नागरिक सेवाएं प्रदान करना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

नालों की सफाई और मानसून प्रबंधन पर विशेष ध्यान
श्रीमती शर्मा ने क्षेत्र में नालों की स्थिति और सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि मुख्य एवं छोटे नालों की समय पर सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से बचा जा सके। इसके लिए अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों और मशीनरी की तैनाती के भी निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि नियमित निगरानी और साफ-सफाई से ही सड़कों पर पानी जमा होने से रोका जा सकता है और बेहतर स्वास्थ्य माहौल सुनिश्चित किया जा सकता है।
विकास कार्यों में तेजी और पारदर्शिता का आग्रह
श्रीमती शर्मा ने कहा कि दिल्ली नगर निगम सभी ज़ोन में विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों से भौतिक निरीक्षण करने और किसी भी तरह की लापरवाही से बचने को कहा।
उन्होंने यह भी जोड़ा कि दिल्ली की जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है और आने वाले दिनों में जनता को निगम के कार्यों का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिलेगा।