नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के आउटर नॉर्थ जिले की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड (AATS) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोनू दरियापुर गैंग के एक वांछित अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर सुल्तानपुरी इलाके में फायरिंग करने का आरोप है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आर्यन (22) के रूप में हुई है, जो प्रहलादपुर बंगर इलाके का रहने वाला है। वह 19 मार्च 2026 से फरार चल रहा था।
पुलिस को 30 मार्च को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर AATS की टीम ने नरेला-अलीपुर रोड स्थित जीत फार्म के पास जाल बिछाकर आरोपी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से .32 बोर की एक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

इस मामले में नरेला इंडस्ट्रियल एरिया थाने में आर्म्स एक्ट के तहत FIR दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी आर्म्स एक्ट के दो मामलों में शामिल रह चुका है। पूछताछ में उसने सुल्तानपुरी इलाके में अपने प्रतिद्वंद्वी अरुण दिल्ली गैंग के सदस्य पर फायरिंग करने की बात कबूली है। इस मामले में अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि आर्यन फरार था।
पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी आगे और हथियार जुटाने, आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने और युवाओं को गैंग में शामिल करने की योजना बना रहा था।
दिल्ली पुलिस ने कहा कि यह कार्रवाई उनकी सक्रिय पुलिसिंग और खुफिया तंत्र की मजबूती को दर्शाती है, जिससे संगठित अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो रहा है। मामले की आगे की जांच जारी है।

