नई दिल्ली: त्योहारों से पहले कालकाजी साप्ताहिक बाजार में अतिक्रमण, यातायात जाम और सफाई की समस्याओं का जायजा लेने के लिए दिल्ली नगर निगम आयुक्त ने बाजार का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को इनके समाधान के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए।
स्थानीय लोगों ने आयुक्त को बताया कि सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण तथा वाहनों की अनियमित पार्किंग से जाम लगता है। आयुक्त ने दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र के उपायुक्त चिमला शिव गोपाल रेड्डी से बाजार से जुड़ी समस्याओं और उनके समाधान के प्रयासों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने तहबाजारी के तहत चल रही दुकानों को देखा और सफाई बनाए रखने तथा कूड़े का उचित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि करवाचौथ, धनतेरस, दीपावली और छठ के दौरान बाजार आने वाले लोगों को असुविधा न हो, इसके लिए विभाग आपस में समन्वय करें।
उन्होंने के-ब्लॉक के पास हाल में बने फिक्स्ड कॉम्पैक्टर ट्रांसफर स्टेशन (FCTS) का भी जायजा लिया और पास के खाली प्लॉट को पार्क के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद योगिता सिंह, उपायुक्त चिमला शिव गोपाल रेड्डी, MCD के वरिष्ठ अधिकारी, मार्केट एसोसिएशन के प्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

