नई दिल्ली: दिल्ली के नए मास्टर प्लान 2047 को आगे विचार के लिए मंजूरी दे दी गई है। उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने बुधवार को दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) की बैठक की अध्यक्षता करने के बाद यह जानकारी दी।
संधू ने X पर एक पोस्ट में कहा कि बैठक में प्राधिकरण के सदस्यों, दिल्ली सरकार के मुख्य सचिव, DDA के उपाध्यक्ष तथा संबंधित विभागों और एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
उपराज्यपाल के अनुसार, मास्टर प्लान का उद्देश्य दिल्ली की दीर्घकालिक परिकल्पना को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत@2047 मिशन के अनुरूप आगे बढ़ाना है।
उन्होंने कहा कि बैठक में टिकाऊ और समावेशी शहरी विकास के रोडमैप पर भी विचार-विमर्श किया गया। इसमें ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और ईज ऑफ लिविंग को बेहतर बनाने के साथ सभी के लिए अधिक स्वच्छ और हरित राष्ट्रीय राजधानी बनाने पर जोर दिया गया।
संधू ने कहा कि विकसित भारत@2047 की यात्रा में दिल्ली की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बैठक में हुई चर्चा को विश्वस्तरीय ‘विकसित दिल्ली’ के निर्माण के लिए विचारों का सार्थक आदान-प्रदान बताया।

