नई दिल्ली: दिल्ली में मानसून के चलते मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों के बढ़ते मामलों के बीच राहत की खबर आई है। डोमेस्टिक ब्रीडिंग चेकर्स (डीबीसी) कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल स्थायी समिति अध्यक्ष श्रीमती सत्या शर्मा के आश्वासन के बाद समाप्त कर दी है।
श्रीमती शर्मा ने यूनियन प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि उनकी सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा और संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर उचित समाधान निकाला जाएगा।

जनस्वास्थ्य को प्राथमिकता शर्मा ने कहा, “जनहित सर्वोपरि है। इस समय मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया से बचाव में डीबीसी कर्मचारियों की भूमिका अहम है।” उन्होंने कहा कि यदि हड़ताल लंबी चलती, तो बीमारी की स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 19 जुलाई 2025 तक दिल्ली में मलेरिया के 112, डेंगू के 261 और चिकनगुनिया के 17 मामले सामने आ चुके हैं।
कर्मचारियों के निर्णय का स्वागत शर्मा ने कर्मचारियों द्वारा जनहित में हड़ताल समाप्त करने के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि दिल्ली नगर निगम पूरी तरह सतर्क है और मच्छरजनित रोगों पर नियंत्रण के लिए हर आवश्यक कदम उठा रहा है।
उन्होंने निगम के सभी ज़ोनल अधिकारियों को निर्देश दिए कि फील्ड में कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करें और मलेरिया रोधी अभियानों को तेज किया जाए।
अंत में, उन्होंने स्पष्ट किया कि दिल्ली नगर निगम डीबीसी कर्मचारियों के अधिकारों और नागरिकों के स्वास्थ्य दोनों के प्रति समान रूप से प्रतिबद्ध है।