नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने शैक्षणिक वर्ष 2025–26 से अपने कर्मियों के बच्चों के लिए शिक्षा सहायता बढ़ाई है। संशोधित शिक्षा कोष के तहत ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले कर्मियों के बच्चों की उच्च शिक्षा की पूरी फीस लौटाई जाएगी। उच्च शिक्षा, डिप्लोमा और पेशेवर पाठ्यक्रमों की छात्रवृत्ति में ₹5,000 की बढ़ोतरी की गई है।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, बढ़ी हुई सहायता मल्टी टास्किंग स्टाफ, कांस्टेबल से इंस्पेक्टर तक के कर्मियों और पदोन्नति से सहायक पुलिस आयुक्त बने अधिकारियों के परिवारों को मिलेगी। विभाग ने पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार के नेतृत्व में इन बदलावों की घोषणा की।

कक्षा 10 या 12 में 90 प्रतिशत से अधिक अंक पाने वाले बच्चों को एक बार ₹5,000 का पुरस्कार मिलेगा। आईआईटी-जेईई या नीट में पहली 1,000 रैंक में जगह बनाने वाले बच्चों को ₹50,000 और प्रमाणपत्र दिया जाएगा।
संशोधित नियमों में पेशेवर या ट्रेड पाठ्यक्रम बदलने वाले छात्रों को अधिक लचीलापन दिया गया है। दिल्ली पुलिस ने कहा कि कोष को मजबूत करने के लिए योगदान देने वालों का दायरा भी बढ़ाया जाएगा।

