नई दिल्ली: दिल्ली के पीरागढ़ी फ्लाईओवर के नीचे खड़ी एक सफेद कार से तीन लोगों के शव मिलने का मामला अब तक रहस्य बना हुआ है। रविवार दोपहर पुलिस को पीसीआर कॉल मिली थी, जिसमें फ्लाईओवर के नीचे सुनसान इलाके में खड़ी कार के अंदर तीन लोगों के बेसुध पड़े होने की सूचना दी गई थी।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जांच के दौरान ड्राइविंग सीट पर कार मालिक रणधीर (करीब 76 वर्ष) को मृत पाया। वहीं कार की पिछली सीट पर लक्ष्मी (करीब 40 वर्ष) और शिव नरेश (करीब 46 वर्ष) के शव मिले। कार के अंदर कुछ निजी सामान भी बरामद हुए हैं, जिन्हें जांच का हिस्सा बनाया गया है।
तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए संजय गांधी अस्पताल भेजा गया है, जहां डॉक्टरों का एक पैनल पोस्टमार्टम करेगा। पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विसरा जांच आने के बाद ही सामने आएगी। प्रारंभिक स्तर पर पुलिस आत्महत्या या ज़हर से मौत जैसे पहलुओं की भी जांच कर रही है, हालांकि किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया गया है।
पुलिस तीनों के आपसी संबंधों, आखिरी गतिविधियों और यात्रा के समय-क्रम को समझने के लिए परिजनों और रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, रणधीर और शिव नरेश पिछले कुछ वर्षों से प्रॉपर्टी डीलिंग से जुड़े थे, जबकि लक्ष्मी की भूमिका और कार में मौजूदगी को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
परिवार के सदस्यों ने पूरे मामले को संदिग्ध बताते हुए विस्तृत जांच की मांग की है। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज, कॉल डिटेल्स और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी पड़ताल कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि तीनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि सभी संभावित एंगल्स की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही इस रहस्यमयी मामले की पूरी तस्वीर सामने आ पाएगी।

