नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता हाथ लगी है। UER-II के पास हुई एक संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद विनोद उर्फ विक्की सन्यासी गैंग के दो कथित सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। यह गिरोह कपिल सांगवान उर्फ नंदू गैंग से जुड़ा बताया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों ने बिंदापुर थाना क्षेत्र में एक कारोबारी के कार्यालय पर फायरिंग की थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह वारदात जमीन से जुड़े विवाद में दबाव बनाने के उद्देश्य से की गई थी।
विशेष सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपियों को UER-II के पास घेरने की कोशिश की। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें एक आरोपी घायल हो गया। दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल, जिंदा कारतूस, खाली खोखे और वारदात में इस्तेमाल की गई एक होंडा एक्टिवा बरामद की है। जांच में यह भी सामने आया है कि उक्त स्कूटी को रेकी करने के लिए छीना गया था और बाद में अपराध में इस्तेमाल किया गया।
यह कार्रवाई इंस्पेक्टर पवन कुमार के नेतृत्व में एसीपी भगवती प्रसाद की देखरेख और डीसीपी हर्ष इंदोरा के समग्र पर्यवेक्षण में अंजाम दी गई।
पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क, अन्य मामलों में संभावित संलिप्तता और संगठित अपराध से जुड़े लिंक की जांच कर रही है।

