नई दिल्ली: पुरानी दिल्ली में चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास गुरुवार को निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत का हिस्सा गिरने से दो लोगों की मौत हुई। दिल्ली पुलिस ने यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हादसे की जांच के आदेश दिए।
दिल्ली सरकार ने बाद में कहा कि संबंधित कनिष्ठ अभियंता और सहायक अभियंता को निलंबित कर दिया गया है और ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मुख्यमंत्री ने घायलों के इलाज और प्रभावित परिवारों को तत्काल अनुग्रह सहायता देने का भी निर्देश दिया।
गली सितारा में हादसे की सूचना सुबह करीब 9:50 बजे मिली। दमकल की कम से कम छह इकाइयां मौके पर भेजी गईं। दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले स्थानीय लोग चार लोगों को अस्पताल ले जा चुके थे। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल ने भी तलाश और बचाव अभियान में हिस्सा लिया।
गुप्ता ने बाद में बताया कि उन्होंने मौके पर जाकर अधिकारियों और बचाव दलों से बात की। उन्होंने एजेंसियों को आपस में समन्वय करने और घायलों को तुरंत इलाज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

